धमतरी - कल का दिन धमतरी जिले के लिए ऐतिहासिक बनने जा रहा है। पहली बार गंगरेल बांध की शांत जलधारा पर ‘गंगरेल नौकायान उत्सव’ में भव्य महानदी रिवर बोट चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। यह रोमांचक प्रतियोगिता, 22 मार्च रविवार को दोपहर 3:00 बजे से प्रारंभ होगी, जिसका जिलेवासियों को बेसब्री से इंतजार है। आयोजन स्थल पर उत्साह और उमंग का माहौल देखते ही बन रहा है।
जानकारी के अनुसार इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में धमतरी सहित आस पास के जिलों की कुल 52 टीमें हिस्सा ले रही हैं| प्रतियोगिता की शुरुआत - मचान हाट प्वाइंट से गंगरेल ब्लू एडकेचर स्पोर्टस च्वाइंट जो 1000 मीटर की चुनौतीपूर्ण दूरी में अपनी क्षमता और तालमेल का प्रदर्शन करेंगी। तैयारियां लगभग अंतिम दौर में है| मुख्य अतिथि लोकसभा सांसद महासमुंद रूपकुमारी चौधरी होंगी ।
महिला शक्ति की सशक्त भागीदारी बनी आकर्षण का केंद्र
इस आयोजन की सबसे विशेष और प्रेरणादायक बात यह है कि ग्रामीण अंचल की तीन महिला टीमें भी पूरे आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगिता में भाग ले रही हैं।
ग्राम लिर्रा, जिला धमतरी की श्रीमती चयन बाई, श्रीमती सुमन एवं श्रीमती दिनेश्वरी निधार अपनी पारंपरिक लकड़ी की नाव के साथ इस प्रतियोगिता में शामिल होकर न केवल प्रतिस्पर्धा को रोचक बना रही हैं, बल्कि महिला सशक्तिकरण का भी सशक्त संदेश दे रही हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उनका यह साहस और जज्बा सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
पर्यटन और स्थानीय प्रतिभा को मिलेगा मंच
इस अनूठे आयोजन का उद्देश्य गंगरेल बांध को प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में स्थापित करना, जल पर्यटन को बढ़ावा देना तथा स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। प्रतियोगिता के माध्यम से जिले की प्राकृतिक सुंदरता और संभावनाओं को व्यापक पहचान मिलने की उम्मीद है।
आकर्षक पुरस्कारों से बढ़ेगा उत्साह
प्रतियोगिता में विजेताओं के लिए आकर्षक नगद पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं जिसमें प्रथम पुरस्कार 1लाख रुपये,द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रुपये,तृतीय पुरस्कार 25 हजार रुपये से विजेता पुरस्कृत होंगे।
इसके अतिरिक्त बोट सजावट एवं वेशभूषा प्रतियोगिता के लिए 11 हजार रुपये का विशेष पुरस्कार भी रखा गया है, जिससे प्रतिभागियों को अपनी रचनात्मकता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
Post a Comment