खबर बाज न्यूज़

जीड़पल्ली के जंगल से बरामद हुआ माओवादी डंप, 2 बीजीएल लॉन्चर-36 सेल जब्त,बस्तर अब शांति की राह पर, सरेंडर माओवादी दे रहे खुफिया जानकारी



बीजापुर। 31 मार्च 2026 से छत्तीसगढ़ के नक्सलमुक्त होने के बाद बस्तर में शांति का माहौल है। इसी बीच सुरक्षा बलों को एक और बड़ी सफलता मिली है। गुरुवार को पामेड़ पुलिस और कोबरा 208वीं वाहिनी की संयुक्त टीम ने थाना पामेड़ क्षेत्र के ग्राम जीड़पल्ली के जंगलों में छिपाकर रखा गया माओवादी डंप बरामद किया।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि माओवादियों ने जंगल में हथियारों का जखीरा छिपा रखा है। सूचना पर सर्चिंग अभियान चलाया गया। जवानों ने गहन तलाशी के दौरान 2 नग बीजीएल लॉन्चर और 36 नग बीजीएल सेल बरामद किए।
गृहमंत्री अमित शाह द्वारा छत्तीसगढ़ को नक्सलमुक्त घोषित करने के बाद सरेंडर कर मुख्यधारा में लौटे माओवादी अब जवानों को नक्सली डंप की जानकारी दे रहे हैं। इसी आधार पर लगातार गोला-बारूद बरामद किए जा रहे हैं।

जिला पुलिस ने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में शांति, सुरक्षा और विकास का माहौल बनाए रखने के लिए अभियान लगातार जारी रहेंगे।

पुलिस ने आमजनों से अपील की है कि जंगल या किसी सार्वजनिक स्थान पर संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री दिखे तो उसे न छुएं। तुरंत नजदीकी थाना या सुरक्षा कैंप को सूचना दें।

Post a Comment

Previous Post Next Post