खबर बाज न्यूज़

तम्रावंड जतरा में फूड प्वाइजनिंग का मामला,19 बीमार — एक महिला की मौत से गांव में मातम

रिपोर्टर शिवलाल मरकाम 
कोंडागांव/माकड़ी - ग्राम तम्रावंड में आयोजित पारंपरिक जतरा कार्यक्रम के बाद बड़ा हादसा सामने आया है। प्रसाद और भोजन ग्रहण करने के बाद करीब 19 ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ गई, जिनमें उल्टी-दस्त, पेट दर्द और कमजोरी जैसी शिकायतें देखी गईं। सभी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र माकड़ी में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार, उड़ीसा में शुक्रवार रात पारंपरिक जतरा कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया था। इसके बाद शनिवार को ग्राम तम्रावंड में भी जतरा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। कार्यक्रम में देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद और भोजन वितरित किया गया।

रविवार सुबह से ही गांव के कई लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। देखते ही देखते कई ग्रामीण उल्टी-दस्त और पेट दर्द से पीड़ित हो गए, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से सभी प्रभावितों को एंबुलेंस और निजी वाहनों के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र माकड़ी पहुंचाया गया।

इसी दौरान गंभीर रूप से बीमार महिला राजिया मरकाम पति सुखलाम, उम्र 55 वर्ष की हालत ज्यादा खराब होने पर उन्हें जिला अस्पताल कोंडागांव रेफर किया गया था। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। महिला का शव गांव तम्रावंड लाया गया, जिसके बाद पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल है।

घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय हो गई है। डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक जांच में फूड प्वाइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग भोजन और प्रसाद के नमूनों की जांच करने की तैयारी में जुटा हुआ है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की गंभीर जांच और पीड़ित परिवार को सहायता देने की मांग की है। वहीं गांव में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है।
देखें वीडियो 


Post a Comment

Previous Post Next Post