खबर बाज न्यूज़

NSUI का छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर मुख्यमंत्री निवास घेराव, पुलिस से हुई झूमाझटकी



रायपुर/धमतरी - छत्तीसगढ़ NSUI द्वारा छात्रसंघ चुनाव बहाली सहित विभिन्न छात्र एवं युवा मुद्दों को लेकर रायपुर में मुख्यमंत्री निवास घेराव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेशभर से हजारों की संख्या में छात्र-युवा शामिल हुए। धमतरी जिले से भी जिलाध्यक्ष राजा देवांगन के नेतृत्व में हजारों छात्र आंदोलन में शामिल हुए।  

प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे के नेतृत्व में आयोजित इस घेराव कार्यक्रम में मुख्यमंत्री निवास की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस द्वारा बैरिकेड लगाकर रोकने का प्रयास किया गया, जिसके दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी की स्थिति निर्मित हुई। इसके बावजूद NSUI कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर डटे रहे और जोरदार प्रदर्शन किया।  

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव छात्रों का लोकतांत्रिक अधिकार है, जिसे सरकार दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि युवा अपनी आवाज दबने नहीं देंगे और छात्रहितों की लड़ाई लगातार जारी रहेगी।  

वहीं AICC सचिव एवं भिलाई विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि प्रदेश का युवा आज बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था और भर्ती प्रक्रिया की अनदेखी से परेशान है। सरकार छात्रों और युवाओं के मुद्दों पर पूरी तरह विफल साबित हुई है।

आंदोलन के दौरान छात्रसंघ चुनाव की तत्काल बहाली, प्रदेश में रिक्त शिक्षकों एवं शासकीय पदों पर भर्ती, विश्वविद्यालयों में राजनीतिक हस्तक्षेप बंद करने, बढ़ते नशे के कारोबार पर कार्रवाई एवं कानून व्यवस्था मजबूत करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।

एनएसयूआई नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post