भिलाई- छत्तीसगढ़ सर्व समाज संगठन के तत्वावधान में 22 मार्च को राज्य स्तरीय सामाजिक समरसता सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। संगठन अध्यक्ष मेघनाथ यादव की अध्यक्षता में संपन्न कोर कमेटी की बैठक में यह निर्णय लिया गया। उन्होंने बताया कि 22 मार्च को प्रातः 11 बजे से कला मंदिर सिविक सेंटर भिलाई में आयोजित सम्मेलन में सर्व समाज संगठन के प्रदेश भर के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इस अवसर पर सामाजिक समरसता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सभी समाजों के चयनित विशिष्ट व्यक्तियों एवं प्रतिभाओं को सामाजिक समरसता अलंकरण प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही संगठन के सभी संरक्षक सदस्यों का भी सम्मान किया जाएगा। बैठक में संगठन के प्रदेश संयोजक ब्रम्हदेव पटेल, उपाध्यक्षगण संतकुमार केसकर, घनश्याम देवांगन, अनुरूप साहू, बेनीराम बघेल, मीडिया प्रभारी डॉ डीपी देशमुख, सांस्कृतिक प्रभारी डॉ कृष्ण कुमार पाटिल, कोषाध्यक्ष जीवन सिन्हा आदि उपस्थित थे।
सम्मेलन के वैचारिक सत्र में सामाजिक समरसता पर केन्द्रित आलेख पठन एवं विशिष्ट अतिथियों का उद्बोधन होगा। सम्मेलन में प्रदेश के मुख्यमंत्री के साथ ही क्षेत्रीय मंत्री, सांसद, विधायक एवं जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाएगा। इस अवसर पर विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे। कोर कमेटी की बैठक में सम्मेलन की रूपरेखा निर्धारित की गई और पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई। सम्मेलन को सफल बनाने के लिए वृहद स्तर पर जनसंपर्क करने विशेष कार्य योजना बनाई गई है। बैठक के अंत में आभार प्रदर्शन अनुरूप साहू ने किया।
Post a Comment