खबर बाज न्यूज़

बस्तर मे आयोजित मैराथन दौड़ कार्यक्रम में पुरस्कारों की होगी झड़ी,कलेक्टर-एसपी ने बस्तर हेरिटेज मैराथन के जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी



 सुकमा - बस्तर की पावन धरा रविवार 22 मार्च को एक ऐतिहासिक खेल महाकुंभ की साक्षी बनने जा रही है, जहाँ बस्तर हेरिटेज मैराथन के माध्यम से न केवल धावकों का दमखम दिखेगा, बल्कि उनकी प्रतिभा पर सम्मान की झड़ी भी होगी। लालबाग मैदान जगदलपुर से शुरू होने वाली इस मैराथन की सबसे खास बात इसकी विशाल पुरस्कार राशि है, जो देशभर के एथलीटों को आकर्षित कर रही है। आयोजन में मुख्य आकर्षण 42 किलोमीटर की ओपन श्रेणी है, जहाँ पुरुष और महिला दोनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले धावकों को 1,50,000 (डेढ़ लाख) रुपये के भव्य नकद पुरस्कार से नवाजा जाएगा। इसी श्रेणी में द्वितीय स्थान के लिए 75,000 और तृतीय स्थान के लिए 50,000 रुपये की राशि सुरक्षित की गई है, जबकि टॉप 10 में आने वाले हर धावक को नकद इनाम दिया जाएगा।

     कलेक्टर अमित कुमार और एसपी श्री किरण चव्हाण ने गुरूवार को मैराथन दौड़ जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह जागरूकता रथ सुकमा के सभी वार्डों में घूम-घूमकर लोगों को जागरूक करेगी। इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी श्री विरूपाक्ष पौराणिक के नेतृत्व में शहर के गणमान्य नागरिक और स्कूली छात्र भी शामिल हुए। 

      इस स्वर्णिम अवसर का हिस्सा बनने के लिए प्रतिभागी पोस्टर पर दिए गए आधिकारिक क्यूआर कोड के माध्यम से अपना पंजीकरण सुनिश्चित कर सकते हैं। इसके साथ ही http://.bastarheritage.run के माध्यम से भी पंजीयन कर सकते हैं।

       जिला प्रशासन सुकमा द्वारा आयोजित इस मैराथन का उद्देश्य खेल के माध्यम से बस्तर की विरासत को चमकाना है। यदि आप भी अपनी रफ्तार के दम पर इन बड़े पुरस्कारों को अपने नाम करना चाहते हैं, तो 22 मार्च की सुबह लालबाग मैदान में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं। विस्तृत जानकारी या सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 9244079533 पर संपर्क किया जा सकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post