कोंडागांव -राजगोंड समाज द्वारा आयोजित भव्य 3 दिवसीय सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत समाज भवन का उद्घाटन विधि-विधान, मंत्रोच्चार एवं पूजा-अर्चना के साथ उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में समाज के सैकड़ों लोगों की उपस्थिति ने आयोजन को और भी भव्य बना दिया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला सदस्य भगवती महेश नेताम एवं जनपद अध्यक्ष जुगबती पोयम उपस्थित रहे। अतिथियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना कर समाज भवन का उद्घाटन किया और समाज के विकास, एकता एवं संस्कृति को सशक्त बनाने पर जोर दिया।
अपने संबोधन में जिला सदस्य भगवती महेश नेताम ने समाज भवन के बाउंड्रीवाल निर्माण हेतु 5 लाख रुपये की घोषणा करते हुए कहा कि यह भवन समाज के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित होगा। वहीं जनपद अध्यक्ष जुगबती पोयम ने समाज की एकजुटता को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर सर्व समाज के प्रमुखों ने भी मंच से संबोधित करते हुए सामाजिक समरसता, भाईचारे और एकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में वक्ता भंगीलाल सोरी ने अपने उद्बोधन में कहा कि कई आदिवासी भाई निर्दोष होते हुए भी नक्सल प्रकरणों में जेल में बंद हैं। उन्होंने बताया कि सर्व समाज द्वारा ऐसे लोगों को न्याय दिलाने और उन्हें रिहा कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
वहीं साहू समाज के प्रमुख बिसंबर साहू ने अपने संबोधन में धर्मांतरण के मुद्दे पर चिंता व्यक्त करते हुए इसके खिलाफ आवाज बुलंद की। उन्होंने समाज से अपनी संस्कृति, परंपरा और धार्मिक मूल्यों को बनाए रखने का आह्वान किया तथा जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता बताई।
3 दिवसीय इस आयोजन के अंतर्गत विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पारंपरिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिसमें समाज की संस्कृति और परंपराओं की झलक देखने को मिल रही है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज को एक मंच पर लाकर उसकी एकता को मजबूत करना है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के भाजपा मंडल महामंत्री ललित पोयम जिला किसान मोर्चा अध्यक्ष दीपेंद्र नाग जनपद सदस्य मेषलाल पोयम सरपंच लच्छिंदर मरकाम अनुसूचित जाति मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र नाग सरपंच कृष्ण आधार नाग शिवलाल मरकाम जति नाग पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने इस आयोजन की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए एक ऐतिहासिक और प्रेरणादायक पहल बताया।
Post a Comment