रिपोर्टर_शिवलाल मरकाम
कोंडागांव, 01 अप्रैल 2026। जिले में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए आज 07 नई एम्बुलेंस सेवाओं की शुरुआत की गई। इनमें 06 बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) और 01 एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट (ALS) एम्बुलेंस शामिल हैं। कोंडागांव कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष नरपति पटेल, उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी और अन्य जनप्रतिनिधियों ने एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
नई एम्बुलेंस सेवाओं के शुरू होने से जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को आपातकालीन स्थिति में त्वरित और बेहतर चिकित्सा सहायता मिल सकेगी। इस अवसर पर कोंडागांव कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने कहा कि नई एम्बुलेंस सेवा से ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और मजबूत होगी।
नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि स्थानीय विधायक लता उसेंडी के प्रयासों से जिले को यह महत्वपूर्ण सुविधा प्राप्त हुई है। वहीं उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर. के. चतुर्वेदी, सिविल सर्जन डॉ. पी. एल. मंडावी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार प्रदेश में एम्बुलेंस सेवा को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए शहरी क्षेत्रों में 15 मिनट और ग्रामीण क्षेत्रों में 30 मिनट के भीतर एम्बुलेंस उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। नई एम्बुलेंसों में आधुनिक चिकित्सा उपकरण और जीवनरक्षक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे मरीजों को मौके पर ही प्राथमिक और उन्नत उपचार मिल सकेगा।
Post a Comment