खबर बाज न्यूज़

नवागांव-सांकरा मार्ग पर भीषण हादसा,1 गंभीर रूप से घायल!


धमतरी 

धमतरी जिले के नगरी विकासखंड अंतर्गत नवागांव-सांकरा मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक सड़क हादसे में 92 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दोनों बाइक चालक भी चोटिल हुए हैं। दुर्घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने मानवता का परिचय देते हुए घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।


महुआबहारा जाते समय हुआ हादसा


प्राप्त जानकारी के अनुसार सांकरा निवासी मेहरू राम सोरी (92 वर्ष) अपने 18 वर्षीय नाती नंदकिशोर के साथ मोटरसाइकिल से महुआबहारा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान खल्लारी निवासी दीपक कुंजाम (18 वर्ष) अपनी पल्सर मोटरसाइकिल से विपरीत दिशा से आ रहा था। नवागांव के समीप दोनों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।


टक्कर इतनी तेज थी कि मेहरू राम सोरी का पैर गंभीर रूप से फ्रैक्चर हो गया। वहीं मोटरसाइकिल चला रहे उनके नाती नंदकिशोर को भी चोटें आई हैं। दूसरी बाइक के चालक दीपक कुंजाम भी दुर्घटना में घायल हो गए। तीनों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नगरी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस एवं अन्य वाहनों की सहायता से अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय लोगों की त्वरित मदद से घायलों को समय पर इलाज मिल सका।


दुर्घटना के कारण नवागांव-सांकरा मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया।


पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post