खबर बाज न्यूज़

असत्य पर सत्य की विजय का पर्व दशहरा पर रामलीला मैदान में लंबे अरसे के बाद दिखेगा पहलाद का हुनर,बन रहा 40 फीट का रावण

धमतरी - जिले में हर वर्ष दशहरा बड़े ही धूम धाम से मनाया जाता है।इसी प्रकार इस वर्ष भी धमतरी में असत्य पर सत्य की विजय का पर्व दशहरा पूरे उत्साह और पारंपरिक धूमधाम से मनाया जाएगा। 
धमतरी के बैलाबाजार स्थित रामलीला मैदान में रावण दहन की तैयारी जोर-शोर से जारी है। नगर निगम की ओर से करीब 40 फीट ऊंचे रावण के पुतले का निर्माण ब्राह्मणपारा वार्ड के कुम्हारपारा इलाके में किया जा रहा है, जिसकी लगभग लागत 60 से 65 हजार रुपये अनुमानित की जा रही है।

गुरुवार को निगम उपायुक्त प्रवीण सर्वा ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने पुतले की प्रगति देखकर संतोष जताया और कारीगरों से विस्तृत जानकारी ली। उपायुक्त ने कहा कि बारिश की वजह से काम में थोड़ी देरी जरूर हुई, लेकिन अब निर्माण तेजी से चल रहा है। रावण का सिर बनाने में सबसे ज्यादा समय लगता है, जबकि धड़, हाथ और पैर दो दिनों में पूरे हो जाएंगे। लक्ष्य है कि दशहरा से दो दिन पहले पूरा पुतला खड़ा कर दिया जाए। साथ ही दशहरा मैदान में सुरक्षा व्यवस्था और आतिशबाजी की तैयारी भी जोर-शोर से की जा रही है।

इस बार रावण पुतला निर्माण की खासियत यह है कि इसे पहलाद कुंभकार तैयार कर रहे हैं। पहलाद करीब 15 साल पहले भी रामलीला मैदान के लिए रावण का पुतला बनाते थे, लेकिन बीच में कुछ कारणों से उन्होंने यह काम बंद कर दिया था। अब लंबे अंतराल के बाद वे एक बार फिर रामलीला मैदान के लिए अपने हुनर का जादू दिखा रहे हैं। पहलाद ने बताया कि इस बार का पुतला पहले से कहीं ज्यादा आकर्षक और भव्य होगा। बांस और पेपर से तैयार किए जा रहे इस पुतले को नीले और सफेद रंग की झलक दी जा रही है। उनका कहना है कि बारिश की बाधा के बावजूद काम तेजी से पूरा किया जा रहा है और दशहरा से एक दिन पहले पुतला मैदान में खड़ा कर दिया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post