कोंडागांव/माकड़ी - धान खरीदी के दौरान किसानों को हो रही विभिन्न समस्याओं को लेकर किसान मोर्चा ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष दीपेंद्र नाग एवम् भाजपा मण्डल महामंत्री ललित पोयम के नेतृत्व में तहसीलदार के माध्यम से कलेक्टर महोदय को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में बताया गया कि धान खरीदी के समय किसानों को , कैरी फॉरवर्ड, भौतिक सत्यापन, एग्रीस्टेक जैसी कई जटिल प्रक्रियाओं का सामना करना पड़ रहा है। इन समस्याओं के चलते किसानों के रकबा समर्पण में कटौती की जा रही है, जिससे किसान अपनी उपज का सुचारू रूप से विक्रय नहीं कर पा रहे हैं।
किसान मोर्चा ने मांग की है कि किसानों के रकबा समर्पण में किसी प्रकार की कटौती न की जाए, ताकि सभी किसान बिना किसी बाधा के अपना धान बेच सकें। साथ ही जिन किसानों का अभी तक टोकन जारी नहीं हुआ है, उनके टोकन शीघ्र जारी करने की भी मांग की गई है।
दीपेंद्र नाग ने कहा कि यदि इन समस्याओं का समय रहते समाधान नहीं किया गया, तो किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि किसानों के हित में उपरोक्त समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र उचित कार्रवाई की जाए।
Post a Comment