खबर बाज न्यूज़

दंतेवाड़ा में अवैध शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई लाखों की शराब जब्त



जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। आबकारी विभाग और पुलिस विभाग ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अंग्रेजी शराब से भरे एक ट्रक, एक पिकअप और एक वैन को पकड़ा है। इस कार्रवाई में कुल करीब 23 लाख रुपये से अधिक की अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की गई है।

जानकारी के अनुसार, आबकारी विभाग ने देर रात कुम्हाररास के जंगल क्षेत्र से अंग्रेजी शराब से भरे एक ट्रक को पकड़ा। जांच में सामने आया कि यह ट्रक मध्यप्रदेश के धार जिले से अवैध शराब लेकर दंतेवाड़ा पहुँचा था। तस्करों ने पुलिस और प्रशासन को गुमराह करने के लिए ट्रक पर फर्जी नंबर प्लेट की दो प्लेट लगाई थी। साथ ही ट्रक के आगे हिस्से में शराब और पीछे भूसा भरकर उसे सामान्य मालवाहक वाहन का रूप दिया गया था।

इस ट्रक से सैकड़ों पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 20 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

वहीं दूसरी ओर, पुलिस विभाग ने कार्रवाई करते हुए अंग्रेजी शराब से भरी एक पिकअप और एक वैन को भी पकड़ा है। इन दोनों वाहनों से बरामद शराब की कीमत करीब 3 लाख रुपये आँकी गई है। हालांकि, तीनों मामलों में आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे।

फिलहाल आबकारी और पुलिस विभाग द्वारा जब्त वाहनों और शराब के संबंध में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। प्रशासन का कहना है कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ आगे भी सख़्त कार्रवाई जारी रहेगी।
देखें वीडियो


Post a Comment

Previous Post Next Post