रिपोर्टर - धर्मेन्द्र यादव
धमतरी/नगरी - सांकरा के नंदी चौक की पहचान नन्दी की मूर्ति से हुआ करती थी। यह मूर्ति न सिर्फ चौक की रौनक थी बल्कि आसपास के लोगो और व्यापारियों की आस्था का केंद्र भी थी। कई व्यापारी ऐसे है जो नंदी महाराज से आशीर्वाद लेकर ही अपना कारोबार शुरू करते है। विभिन्न पर्व व धार्मिक उत्सवों के अवसर पर नन्दी मूर्ति के आसपास खास माहौल रहता था लेकिन विगत दिनों नंदी चौक में पूर्व में स्थापित नंदी की मूर्ति को दूसरे स्थान ले जाया गया। उसके बाद से नंदी चौक के सभी दुकानदार चौक में सूनापन महसूस कर रहे थे।
बता दें सांकरा के इस चौक का न सिर्फ नाम बल्कि पहचान भी नंदी के नाम पर थी, मूर्ति हटने से पहचान ही खो गयी थी। पुराना वैभव लौटाने के किए आसपास के लोगो व दुकानदारों ने बैठक लेकर चर्चा की, जिसमे सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि नंदी चौक के पुराने स्थान पर फिर मूर्ति स्थापना की जाएगी। यह प्रस्ताव पारित करते हुए नंदी समिति का गठन भी किया गया। समस्त ग्रामीणों का सहयोग लेकर नन्दी मूर्ति की स्थापना का निर्णय लिया गया ताकि कोई व्यक्ति विशेष मूर्ति पर अपना अधिकार जताते हुए उसे अन्यत्र न ले जा सके। सांकरा के लोगो ने नन्दी चौक ने नन्दी महाराज की फिर से स्थापना के लिए सहयोग का हाथ बढ़ाया, जिससे नंदी चौक में नंदी बाबा की मूर्ति बनकर तैयार हो गयी है। पश्चिमबंगाल के मूर्ति कलाकार को बुलाकर भव्य मूर्ति बनवाया गया है। 17 मार्च को पंडित डोमन प्रसाद के द्वारा पूरे विधि विधान से वेदी पूजा का कार्यक्रम संपन्न किया जाएगा। समिति के द्वारा प्रसादी वितरण किया जायेगा तथा रात्रि में रामायण कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया है। सभी कार्यों के सफल संचालन हेतु अध्यक्ष मनोज कश्यप, उपाध्यक्ष पवन साहू, कल्याण मत्स्यपाल, सचिव डिगेश्वर साहू, कोषाअध्यक्ष नेहरू साहू, मीडिया प्रभारी राजू साहू सहित सभी नंदी चौक के व्यापारी व ग्रामवासी जुटे हुए है।
Post a Comment