सुकमा -मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के लगभग 5 लाख भूमिहीन कृषि मजदूर परिवारों को 500 करोड़ रुपये की राशि का अंतरण किया। राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम कोंटा के सामुदायिक भवन में आयोजित हुआ, जहां से मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न जिलों के हितग्राहियों से सीधा संवाद कर योजना के लाभ और उनके जीवन में आए सकारात्मक बदलावों की जानकारी ली।
इस योजना के अंतर्गत सुकमा जिले के कुल 4 हजार 526 पात्र भूमिहीन कृषि मजदूरों के बैंक खातों में 4 करोड़ 52 लाख 60 हज़ार रुपये आए। प्रति हितग्राही 10,000 रुपये की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से ऑनलाइन अंतरित की गई। यह सहायता राशि प्रतिवर्ष प्रदान की जाती है, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के भूमिहीन कृषि श्रमिकों को आर्थिक सुरक्षा एवं स्थायित्व प्राप्त हो सके।
कोंटा जनपद कार्यालय में आयोजित जिलास्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री वर्चुअल रूप से जुड़े तथा उन्होंने हितग्राहियों को सहायता राशि हस्तांतरण के प्रमाण पत्र वितरित किए। कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कुसुमलता कोवासी, उपाध्यक्ष माड़वी हिड़मा, जनपद सदस्य श्रीमती सविता पंडा, पार्षद पी विजय नायडू, जनप्रतिनिधि सोयम मिला, एसडीएम सुभाष मिश्रा, भू-अभिलेख अधीक्षक मुकाराम नाग, तहसीलदार श्री गिरीश निंबालकर, सीएमओ श्री झम्मन लाल साहू, सहायक अधीक्षक ऋषिकेश सलाम सहित जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। जिला प्रशासन द्वारा कलेक्टर के मार्गदर्शन में कार्यक्रम का सुव्यवस्थित संचालन किया गया।
उल्लेखनीय है कि दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना छत्तीसगढ़ शासन की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य भूमिहीन कृषि मजदूर परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उनकी आजीविका को सुदृढ़ करना है। योजना के माध्यम से नियमित वित्तीय सहायता मिलने से हितग्राहियों के जीवन स्तर में सुधार के साथ-साथ सामाजिक एवं आर्थिक आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा मिल रहा है।
Post a Comment