धमतरी - वनमंडल धमतरी के अंतर्गत वन परिक्षेत्र केरेगांव में नीलगाय के अवैध शिकार का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 22 मार्च 2026 को सुबह लगभग 7:30 बजे बांसीखाई बीट के आरक्षित वन कक्ष क्रमांक-121 में एक नर नीलगाय (उम्र लगभग 3 से 4 वर्ष) मृत अवस्था में पाई गई।
मृत नीलगाय के गर्दन, पेट और पिछले हिस्से में तीर लगे होने के कारण प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट हुआ कि शिकारियों द्वारा उसका अवैध शिकार किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही वन परिक्षेत्र अधिकारी एवं वन अमला तत्काल मौके पर पहुंचा और जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान उदन्ती-सीतानदी टाइगर रिजर्व, गरियाबंद से डॉग स्कॉड को बुलाया गया। डॉग स्कॉड ने घटनास्थल से मिले तीर की गंध के आधार पर सीधे ग्राम डोकाल निवासी आरोपी मन्नू पिता लहर सिंह के घर तक पहुंचकर उसे चिन्हित किया। पूछताछ में आरोपी के खिलाफ शिकार करने के पुख्ता सबूत मिले हैं। वन विभाग ने आरोपी मन्नू सहित अन्य संलिप्त शिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
Post a Comment