खबर बाज न्यूज़

कांग्रेस में वापसी को लेकर बवाल, माकड़ी ब्लॉक संगठन ने दी सामूहिक इस्तीफे की चेतावनी


कोंडागांव/माकड़ी - ब्लॉक कांग्रेस कमेटी माकड़ी की महत्वपूर्ण बैठक में संगठनात्मक मुद्दों के साथ पूर्व निष्कासित सदस्य रामकुमार कश्यप की संभावित पार्टी वापसी को लेकर तीखा विरोध सामने आया। बैठक में मौजूद पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में वापसी प्रस्ताव को खारिज करते हुए इसे समर्पित कार्यकर्ताओं के सम्मान के खिलाफ बताया।

बैठक में बूथ एवं पंचायत कमेटियों के गठन की समीक्षा करते हुए शीघ्र गठन पूरा करने के निर्देश दिए गए। इसी दौरान जिलाध्यक्ष को रामकुमार कश्यप की पुनर्वापसी हेतु दिए गए आवेदन पर चर्चा हुई, जिस पर कार्यकर्ताओं ने कड़ा ऐतराज जताया। पदाधिकारियों ने कहा कि जिन कार्यकर्ताओं ने वर्षों तक पार्टी के लिए संघर्ष किया, उनकी अनदेखी कर ऐसे व्यक्ति को महत्व देना उचित नहीं, जिनका पार्टी संघर्ष और योगदान संदिग्ध रहा है।

बैठक में आरोप लगाया गया कि संबंधित नेता पूर्व में संगठन में रहते हुए भी पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त रहे और बार-बार अनुशासनहीनता के उदाहरण सामने आए। ऐसे में उनकी वापसी संगठन हित में नहीं होगी।

कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि रामकुमार कश्यप को पुनः पार्टी में शामिल किया गया तो ब्लॉक कांग्रेस कमेटी माकड़ी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सामूहिक इस्तीफा सौंप देंगे। विरोध स्वरूप बैठक कार्यवाही पर हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन जिलाध्यक्ष को सौंपा गया।
जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं की भावनाओं को गंभीरता से लेते हुए भरोसा दिलाया कि ब्लॉक संगठन की सहमति के बिना कोई निर्णय नहीं लिया जाएगा। बैठक के बाद इस मुद्दे को लेकर स्थानीय कांग्रेस राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post