खबरबाज न्यूज़ | धमतरी | 25 जुलाई 2026
धमतरी जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, संग्रहण और बिक्री के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देश पर जिलेभर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना कुरूद और थाना सिहावा पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में अवैध शराब और बिक्री की रकम जब्त कर आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया ।
थाना कुरूद पुलिस ने चारमाठा पुल के पास की कार्रवाई
थाना कुरूद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम चारमाठा पुल के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर मुरारी दास वैष्णव (54 वर्ष), निवासी परसवदा, थाना कुरूद को गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 17 पाव देशी मसाला शराब (कुल 3060 मिलीलीटर) और बिक्री की नकद रकम सहित करीब ₹2,000 मूल्य की सामग्री बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 34(1)(ख) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध क्रमांक 220/26 दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की।
थाना सिहावा पुलिस ने रानीगांव में पकड़ा आरोपी
इसी अभियान के तहत थाना सिहावा पुलिस ने ग्राम रानीगांव मानस मंच के पास कार्रवाई करते हुए मनीष मरकाम, पिता स्वर्गीय सुखराम मरकाम, निवासी रानीगांव को अवैध रूप से शराब बेचते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
आरोपी के कब्जे से 3 लीटर कच्ची महुआ शराब तथा बिक्री की रकम सहित करीब ₹750 मूल्य की सामग्री जब्त की गई। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 34(ए) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध क्रमांक 55/26 दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की।
अवैध शराब कारोबारियों पर पुलिस की सख्त नजर
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध शराब के निर्माण, परिवहन या बिक्री की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
खबरबाज न्यूज़
"सच्चाई की धारा"
Post a Comment