खबर बाज न्यूज़

पूर्व सीएम भूपेश बघेल से मिले आदिवासी कांग्रेस के नेतासंगठन विस्तार और सिहावा के जनहित मुद्दों पर हुई चर्चा

खबरबाज न्यूज
धमतरी। आदिवासी कांग्रेस जिला अध्यक्ष मनोज साक्षी के नेतृत्व में धमतरी जिले के आदिवासी कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को रायपुर स्थित पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल के निवास कार्यालय पहुंचा। यहां संगठन को मजबूत करने और सिहावा विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं को लेकर विस्तार से मंथन किया गया।

भेंट के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने जिले में आदिवासी कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे संगठनात्मक कामकाज की जानकारी पूर्व मुख्यमंत्री को दी। नेताओं ने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जा रहा है और ग्रामीण अंचलों में कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। आदिवासी समाज के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनने और समाधान के लिए लगातार काम किया जा रहा है।

इस मौके पर सिहावा विधानसभा क्षेत्र से जुड़े जनहित के मुद्दों को भी भूपेश बघेल के समक्ष रखा गया। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र में आदिवासी समाज की प्रमुख समस्याओं, गांवों में मूलभूत सुविधाओं की कमी और अन्य जनसमस्याओं से अवगत कराते हुए त्वरित पहल की मांग की।

संगठन को गांव-गांव तक ले जाने पर जोर
आदिवासी कांग्रेस जिला अध्यक्ष मनोज साक्षी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री से मिले मार्गदर्शन से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह आया है। उन्होंने कहा कि अब संगठन को और सक्रिय करते हुए हर गांव और बूथ तक पहुंच बनाई जाएगी। आदिवासी समाज के हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा और जनता से निरंतर संपर्क रखा जाएगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।

भूपेश बघेल ने कार्यकर्ताओं को दिया मंत्र
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पदाधिकारियों से संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी ली और एकजुट होकर काम करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता जनता के बीच सक्रिय रहें, उनकी समस्याओं को समझें और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएं। साथ ही उन्होंने सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से आवाज बुलंद करने और आम जनता की बात सरकार तक पहुंचाने पर जोर दिया।

इस सौजन्य भेंट में जिला कांग्रेस कमेटी धमतरी के उपाध्यक्ष राजेंद्र सोनी, प्रदेश किसान कांग्रेस महामंत्री नितिन पिंकी यदु, किशन गजेंद्र, भारत लहरे, लाकेश्वर साहू, योगेश मरकाम, बिरझु मांडावी, रविशंकर नेताम, उदितनारायण सोनी सहित कई कांग्रेसजन मौजूद थे।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह मुलाकात धमतरी जिले में आदिवासी कांग्रेस के संगठन विस्तार और आगामी कार्यक्रमों की दृष्टि से काफी अहम साबित होगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post