खबर बाज न्यूज़

कलेक्ट्रेट परिसर में भटका माउस डियर, वन विभाग ने किया सुरक्षित रेस्क्यू ,उपचार के बाद बचेली वन क्षेत्र में छोड़ा गया दुर्लभ वन्यजीव



दंतेवाड़ा। वन्यजीव संरक्षण के प्रति वन विभाग की मुस्तैदी एक बार फिर सामने आई। सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में पहुंचे एक भयभीत माउस डियर का वन विभाग की टीम ने सुरक्षित बचाव कर उसे उपचार के बाद जंगल में वापस छोड़ दिया।

वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की अनुसूची-1 में शामिल माउस डियर एक दुर्लभ प्रजाति है। जानकारी के अनुसार कुत्तों के पीछा करने से घबराकर यह छोटा हिरण कलेक्ट्रेट परिसर तक आ गया था। सूचना मिलते ही वन विभाग के कर्मचारियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बिना किसी नुकसान के उसका रेस्क्यू किया।

रेस्क्यू के बाद पशु चिकित्सक ने माउस डियर का स्वास्थ्य परीक्षण किया। प्राथमिक उपचार और निगरानी के बाद उसे पूरी तरह स्वस्थ पाया गया। इसके बाद वन विभाग ने उसे बचेली वन क्षेत्र के अनुकूल प्राकृतिक आवास में सुरक्षित रूप से छोड़ दिया।

नागरिकों से अपील
वन विभाग ने लोगों से अनुरोध किया है कि यदि कोई जंगली जानवर आबादी वाले इलाके में आ जाए तो उसे पकड़ने या भगाने की कोशिश न करें। इसकी सूचना तुरंत वन विभाग को दें, ताकि प्रशिक्षित अमला सुरक्षित तरीके से उसका बचाव कर उसे जंगल में पहुंचा सके। इससे वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ-साथ लोगों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post