धमतरी/नगरी। यातायात नियमों की अनदेखी का खामियाजा एक बार फिर हादसे के रूप में सामने आया। नगरी में एक बाइक पर सवार चार लोग सामने से आ रही एंबुलेंस से जा भिड़े। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो लोगों के पैर में फ्रैक्चर हो गया।
जानकारी के अनुसार नहावन कार्यक्रम में शामिल होने आए मेहमान कार्यक्रम के बाद हिंछापुर स्थित रिश्तेदार के घर जा रहे थे। चारों एक ही बाइक पर सवार थे। इसी दौरान सामने से आ रही एंबुलेंस से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवारों ने ही एंबुलेंस को टक्कर मारी।
घायलों की पहचान चैतराम पिता सगनूराम (62) निवासी अर्जुनी, संदीप पिता गिरवर राम (26) निवासी अर्जुनी, संदीप कुमार ध्रुव पिता देवलाल (21) निवासी हिंछापुर और पुराणिक राम ध्रुव पिता गजानंद (58) निवासी अर्जुनी के रूप में हुई है। इनमें चैतराम और संदीप के पैर में फ्रैक्चर बताया जा रहा है।
सभी घायलों को पहले नगरी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धमतरी रेफर कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Post a Comment