लक्ष्य का 20 प्रतिशत भी पूरा नहीं, कलेक्टर ने 3 दिन में मांगा जवाब
धमतरी -
जिले में कृत्रिम गर्भाधान और वत्सोत्पादन कार्यक्रमों में बेहद कम प्रगति और राज्य स्तर पर खराब रैंकिंग को लेकर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने नाराजगी जताई है। कलेक्टर ने उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. अवधेश मरकाम को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर बिंदुवार स्पष्टीकरण मांगा है।
28 अक्टूबर को कृषि उत्पादन आयुक्त की अध्यक्षता में होने वाली समीक्षा बैठक के लिए प्रस्तुत रिपोर्ट में प्रगति बेहद कम पाई गई। रिपोर्ट के मुताबिक जिले में कृत्रिम गर्भाधान का लक्ष्य 39,400 रखा गया था, जिसके विरुद्ध मात्र 7,773 (19.72%) की ही उपलब्धि हुई। इसी तरह वत्सोत्पादन के 8,142 के लक्ष्य के विरुद्ध केवल 2,264 (27.80%) उपलब्धि दर्ज की गई।
कलेक्टर ने नोटिस में विभागीय कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन, मैदानी अमले की सक्रियता और नियमित मॉनिटरिंग में लापरवाही पर असंतोष जताया है। साथ ही आगामी दिनों में प्रगति सुधारने के लिए स्पष्ट लक्ष्य, समय-सीमा, जिम्मेदार अधिकारी-कर्मचारी तय करने और साप्ताहिक समीक्षा व्यवस्था सहित ठोस कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
नोटिस में कहा गया है कि कृत्रिम गर्भाधान और वत्सोत्पादन कार्यक्रम पशु नस्ल सुधार, दुग्ध उत्पादन वृद्धि और पशुपालकों की आय बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण हैं। इस लापरवाही को प्रथम दृष्टया छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम-3 का उल्लंघन माना गया है। तय समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उच्च कार्यालय को अनुशासनात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव भेजा जाएगा।
Post a Comment