खबर बाज न्यूज़

तुमड़ीबहार आंगनबाड़ी केंद्र में स्मार्ट टीवी का शुभारंभ, बच्चों की शिक्षा को मिलेगी नई दिशा


धमतरी/नगरी। नगरी ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम पंचायत ठेनहीं के आश्रित ग्राम तुमड़ीबहार स्थित आंगनबाड़ी केंद्र को स्मार्ट टीवी की सौगात मिली है। शनिवार को विधिवत पूजा-अर्चना के साथ स्मार्ट टीवी का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत की सरपंच ज्योति सोम, सभापति दिनेश यादव, वार्ड मेंबर प्रमिला ओटी, भुनेश्वरी यादव, भुवनेश्वरी ओटी, मीता निन, संतोषी ध्रुव, कन्हैयालाल नेताम, जीवन ठाकुर, शिव नागेश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पुष्पा ध्रुव उपस्थित रहीं।

स्मार्ट टीवी से बदलेगी पढ़ाई की तस्वीर

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के क्षेत्र में तकनीक की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो गई है। ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्र के बच्चों को भी आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना समय की जरूरत है। स्मार्ट टीवी मिलने से वनांचल क्षेत्र के छोटे बच्चों को आधुनिक एवं तकनीकी शिक्षा से जोड़ने में काफी मदद मिलेगी।

बच्चे अब किताबों के साथ-साथ ऑडियो-वीडियो, शैक्षणिक चित्रों, बालगीतों, कहानियों और ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों के माध्यम से अधिक रोचक ढंग से सीख सकेंगे। इससे न केवल उनकी सीखने की क्षमता और समझ विकसित होगी, बल्कि उनकी रचनात्मकता को भी बढ़ावा मिलेगा।
सेवा संकल्प अभियान के तहत पहल

अतिथियों ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्र को स्मार्ट टीवी उपलब्ध कराया जाना बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा को बेहतर बनाने की दिशा में एक सराहनीय और सकारात्मक पहल है। इससे आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी अपनी शिक्षण गतिविधियों को अधिक प्रभावी, सरल और रोचक बनाने में सहायता मिलेगी।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों ने सभी बच्चों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि स्मार्ट टीवी का उपयोग बच्चों के शैक्षणिक विकास एवं तकनीकी ज्ञान को बढ़ाने के लिए निरंतर किया जाएगा। यह पहल ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्र के बच्चों को मुख्यधारा की आधुनिक शिक्षा से जोड़ने तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post