धमतरी। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने दशहरे के दिन 20 अक्टूबर को देशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। संगठन इस दिन देशभर में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतले का दहन कर उनके इस्तीफे की मांग करेगा।
एनएसयूआई ने आरोप लगाया है कि वर्तमान में चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोकतंत्र की मजबूती, निष्पक्ष चुनाव और आम जनता के मताधिकार की रक्षा के लिए चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होना बेहद आवश्यक है।
संगठन का कहना है कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था पर जनता का भरोसा बनाए रखना जरूरी है। इसी मांग को लेकर संगठन ने देशभर में विरोध प्रदर्शन कर अपनी आवाज बुलंद करने का निर्णय लिया है।
एनएसयूआई के पदाधिकारियों ने बताया कि 20 अक्टूबर को दशहरा का पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। इसी प्रतीक के रूप में संगठन चुनाव आयोग में व्याप्त अनियमितताओं के खिलाफ पुतला दहन कर लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की मांग करेगा।
संगठन ने छात्रों, युवाओं और लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले सभी नागरिकों से इस अभियान में सहभागी बनने की अपील की है। एनएसयूआई का कहना है कि लोकतांत्रिक मूल्यों और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था की रक्षा के लिए शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाना हर नागरिक का कर्तव्य है।
Post a Comment