सुकमा - कलेक्टर अमित कुमार के निर्देशन में विश्व जल दिवस के अवसर पर जिले के ग्राम झापरा में जल जीवन मिशन योजना के अंतर्गत लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य एवं पोषण के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा।
इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल के उपयोग के लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बताया गया कि प्रत्येक घर तक स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है, जिससे ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार हो सके। साथ ही जल की गुणवत्ता का स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभाव और जल जनित बीमारियों से बचाव के उपायों पर भी प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को जल संरक्षण के विभिन्न उपायों के बारे में भी जागरूक किया गया। उन्हें वर्षा जल संचयन अपनाने, जल का सीमित एवं आवश्यकतानुसार उपयोग करने तथा प्राकृतिक जल स्रोतों की सुरक्षा और स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
ग्रामीणों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता दिखाते हुए जल संरक्षण और स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया गया।
Post a Comment