कांकेर - नौ माह पुराने हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है बता दें दिनांक 18 जून 2025 को थाना दुर्गकोंदल क्षेत्रांतर्गत लिगभंगदरहा जंगल के पगडंडी मार्ग में एक अज्ञात महिला का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस की टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करने पर पाया कि महिला के सिर एवं चेहरे पर पत्थर से वार कर हत्या किया गया है।
मृतिका की पहचान जयंती मंडल, उम्र 40 वर्ष, निवासी चिखली थाना बड़गांव के रूप में हुई, जो दुर्गकोंदल क्षेत्र में मितानिन प्रेरक के रूप में कार्यरत थी। प्रथम दृष्टया हत्या का मामला पाए जाने पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस बल की विशेष टीम गठित कर मामले की गंभीरता से पुनः जांच की गई।संदेह के आधार पर ग्राम सोनपाल, थाना बड़गांव निवासी तारकचंद विश्वकर्मा उर्फ चंदन (उम्र 19 वर्ष) से पूछताछ की गई। प्रारंभ में आरोपी द्वारा गुमराह करने का प्रयास किया गया, किन्तु कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी माता के नाम पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 40 हजार की राशि प्राप्त हुई थी, जिसका निर्माण कार्य मृतिका को सौंपा गया था।मृतिका द्वारा राशि लेने के बावजूद निर्माण कार्य पूर्ण नहीं किया गया तथा बार-बार टालमटोल किया जा रहा था। राशि वापस मांगने पर भी इंकार किए जाने से आरोपी आक्रोशित हो गया और हत्या की योजना बनाई।
दिनांक 18 जून 2025 को आरोपी ने मृतिका को नया निर्माण कार्य दिलाने का झांसा देकर जंगल में ले जाकर पैसे को लेकर विवाद किया और पास में पड़े पत्थर से सिर पर वार कर हत्या कर दी।आरोपी तारकचंद विश्वकर्मा उर्फ चंदन उम्र 19 वर्ष निवास ग्राम सोनपाल, थाना बड़गांव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेज दिया गया है।
Post a Comment