कोंडागांव - जिले में संचालित स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय एवं स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है। जिला शिक्षा अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार विद्यार्थियों के प्रवेश के लिए 10 अप्रैल 2026 से 05 मई 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
जिले के अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में जामकोटपारा कोंडागांव, महात्मा गांधी वार्ड कोंडागांव, दहिकोंगा, मर्दापाल, लंजोड़ा, फरसगांव, कोनगुड, धनोरा, केशकाल, विश्रामपुरी, बडेराजपुर, बांसकोट, शामपुर एवं माकड़ी शामिल हैं। वहीं हिन्दी माध्यम विद्यालयों में तहसीलपारा कोंडागांव, बम्हनी, लुभा, बड़ेडोंगर, बहीगांव एवं खालेमुरवेण्ड में भी विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा।
इन विद्यालयों में प्रवेश के लिए आवेदन ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से किया जा सकेगा। यदि आवेदनों की संख्या निर्धारित सीटों से अधिक होती है तो सीटों का चयन लॉटरी प्रणाली के माध्यम से 06 मई से 10 मई 2026 के बीच किया जाएगा।
प्रवेश से संबंधित अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं 11 मई से 15 मई 2026 के बीच पूर्ण की जाएंगी। इच्छुक अभिभावक अपने बच्चों के प्रवेश के लिए CGSchool Portal के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
जिला प्रशासन ने अभिभावकों से समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ प्राप्त कर सकें।
Post a Comment