रिपोर्टर शिवलाल मरकाम
माकड़ी/कोंडागांव - ग्राम रांधना के अमोडीपारा के पास एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। पारिवारिक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे लोगों से भरी एक छोटे हाथी वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना में वाहन में सवार 21 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार सभी घायल ग्राम देवहरदुली एवं रांधना के निवासी हैं, जो एक पारिवारिक विवाह कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान अमोडीपारा के पास अचानक वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और वाहन सड़क किनारे पलट गई। दुर्घटना में महिलाएं, पुरुष एवं बच्चे भी घायल हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र की मेडिकल टीम तत्काल मौके पर पहुंची और सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। गंभीर रूप से घायल मरीजों को बेहतर इलाज हेतु 4 एंबुलेंस वाहनों के माध्यम से जिला अस्पताल कोंडागांव रेफर किया गया।
इस दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के डॉक्टरों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए राहत कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समय पर उपचार मिलने से बड़ी जनहानि टल गई।
वहीं ग्रामीण गणेश नेताम एवं विनोद शोरी ने भी प्रशासनिक वाहनों की व्यवस्था कराने में अहम सहयोग दिया। उनके प्रयासों से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया जा सका। घटना के बाद क्षेत्र में चिंता का माहौल बना हुआ है।
Post a Comment