रिपोर्टर शिवलाल मरकाम
कोंडागांव/माकड़ी - काटा गांव के गायतपारा में शनिवार शाम करीब 4 बजे आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने भारी नुकसान पहुंचाया। तेज हवाओं के कारण गांव में कई पेड़ टूटकर गिर गए और जनजीवन प्रभावित हो गया।
आंधी के दौरान एक विशाल पेड़ गिरने से ग्रामीण रति पोयम का घर क्षतिग्रस्त हो गया। पेड़ सीधे मकान की छत पर गिरा, जिससे घर की टाइल और छप्पर टूट गया। घटना के समय परिवार के सदस्य घर के अंदर मौजूद थे, लेकिन राहत की बात रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
वहीं गांव में स्थित पानी टंकी का सोलर सिस्टम भी तेज आंधी की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है कि तेज हवा के कारण सोलर पैनल और उससे जुड़े उपकरणों को नुकसान पहुंचा है, जिससे पेयजल व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
तूफान के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई जगह पेड़ों की डालियां टूटकर रास्तों में बिखर गईं। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द नुकसान का सर्वे कर पीड़ित परिवार और पानी व्यवस्था की मरम्मत कराने की मांग की है। फिलहाल ग्रामीण अपने स्तर पर सफाई और नुकसान की मरम्मत में जुटे हुए हैं।
Post a Comment