खबर बाज न्यूज़

धमतरी पुलिस का अब तक का सबसे बड़ा आर्थिक प्रहार: नशे के कारोबारियों की ₹35.85 लाख से अधिक की संपत्ति फ्रीज



खबरबाज न्यूज़ | धमतरी | 26 जुलाई 2026

धमतरी पुलिस ने जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी आर्थिक कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित ₹35,85,116.51 मूल्य की चल एवं अचल संपत्तियों को फ्रीज कराया है। यह कार्रवाई SAFEMA/NDPS Act के तहत की गई है और मुंबई स्थित सक्षम प्राधिकारी (SAFEMA/NDPSA) ने पुलिस के फ्रीजिंग आदेश की पुष्टि कर दी है।

पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक धमतरी के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई जिले में पहली बार की गई है।

गिरफ्तारी से आगे बढ़कर आर्थिक नेटवर्क पर कार्रवाई

धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अब नशे के कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई केवल गिरफ्तारी और न्यायालयीन प्रक्रिया तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों को भी चिन्हित कर उन पर सीधा आर्थिक प्रहार किया जाएगा।

नगर पुलिस अधीक्षक एवं थाना सिटी कोतवाली की टीम ने विस्तृत जांच के दौरान आरोपियों के बैंक खातों, फिक्स्ड डिपॉजिट, बीमा योजनाओं, वाहनों और अचल संपत्तियों का वित्तीय विश्लेषण किया। जांच में अवैध कारोबार से अर्जित निवेश सामने आने पर NDPS Act की धारा 68F के तहत संपत्तियां फ्रीज कर प्रकरण SAFEMA/NDPSA, मुंबई भेजे गए।

पहला मामला: आरती रजक की ₹12.93 लाख से अधिक की संपत्ति फ्रीज

पहले प्रकरण में आरोपी आरती रजक से जुड़े बैंक खातों, फिक्स्ड डिपॉजिट और अन्य वित्तीय निवेश की जांच की गई। इसमें ₹12,93,636.76 मूल्य की संपत्तियां फ्रीज की गईं।

सक्षम प्राधिकारी ने सभी दस्तावेजों और साक्ष्यों की जांच के बाद 23 जुलाई 2026 को फ्रीजिंग आदेश को वैध ठहराते हुए उसकी पुष्टि कर दी।


दूसरा मामला: करण सिंह धुरी परिवार की ₹22.91 लाख की संपत्ति फ्रीज

दूसरे प्रकरण में आरोपी करण सिंह धुरी, उसकी पत्नी उषा बाई धुरी और पुत्री जाइका धुरी से जुड़े बैंक खाते, वाहन और अचल संपत्तियों सहित ₹22,91,479.75 मूल्य की संपत्ति फ्रीज की गई।

सुनवाई के दौरान संबंधित पक्ष अपनी संपत्तियों के वैध आय स्रोत के पर्याप्त दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद सक्षम प्राधिकारी ने 23 जुलाई 2026 को धमतरी पुलिस के फ्रीजिंग आदेश की पुष्टि कर दी।


कुल ₹35.85 लाख से अधिक की संपत्ति हुई फ्रीज

दोनों मामलों में कुल ₹35,85,116.51 मूल्य की चल एवं अचल संपत्तियां फ्रीज की गई हैं। सक्षम प्राधिकारी ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर माना कि यह संपत्तियां मादक पदार्थों की तस्करी और उससे अर्जित अवैध आय से संबंधित हैं।


पहले भी हो चुकी है कानूनी कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, संबंधित आरोपियों के विरुद्ध पहले से ही NDPS Act के तहत अपराध दर्ज हैं तथा उनके खिलाफ PITNDPS Act के अंतर्गत भी वैधानिक कार्रवाई की जा चुकी है।

धमतरी पुलिस का कड़ा संदेश

धमतरी पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि अब नशे का कारोबार करने वालों पर केवल गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि उनकी अवैध कमाई और उससे बनाई गई संपत्तियों पर भी सीधा आर्थिक प्रहार किया जाएगा। पुलिस का नशे के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।

खबरबाज न्यूज़ लगातार आपके लिए धमतरी और प्रदेश की हर बड़ी खबर सबसे पहले और सबसे सटीक रूप में लेकर आता रहेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post