गरियाबंद। खबरबाज न्यूज
गरियाबंद पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने टायरों के अंदर छिपाकर ले जाए जा रहे 1 क्विंटल 51 किलो अवैध गांजा के साथ दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत करीब 75 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
जिले की सीमाओं पर लगातार सघन चेकिंग की जा रही है। इसी दौरान थाना देवभोग पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक मेटाडोर में अवैध गांजा लेकर देवभोग की ओर आ रहा है।सूचना मिलते ही खुटगांव अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट पर तैनात टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध मेटाडोर CG 07 AV 3587 को रोका। तलाशी के दौरान वाहन के 6 टायरों में कुल 151 किलो गांजा छिपाकर रखा हुआ मिला।
गिरफ्तार आरोपी:
1. रोहित पांडेय, 35 वर्ष, निवासी चंद्रनगर, थाना बमीठा, जिला छतरपुर, मध्यप्रदेश
2. रमेश नायक, 52 वर्ष, निवासी एम. रामपुर, थाना एम. रामपुर, जिला कालाहांडी, ओडिशा
पुलिस ने दोनों आरोपियों से 151 किलो गांजा के अलावा घटना में प्रयुक्त मेटाडोर वाहन को भी जब्त कर लिया है। वाहन की कीमत करीब 20 लाख 25 हजार रुपये आंकी गई है। दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।
‘ऑपरेशन निश्चय’ के 8 महीने के आंकड़े
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पिछले 8 महीनों में ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत गरियाबंद पुलिस ने 44 मामले दर्ज किए हैं। इस दौरान 10 क्विंटल 80 किलो गांजा जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 5 करोड़ 17 लाख रुपये है। अभियान के तहत 86 अंतर्राज्यीय व स्थानीय तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त 32 वाहनों को भी जप्त किया गया।
Post a Comment