धमतरी। खबरबाज न्यूज
जिले में सड़कों पर आवारा मवेशियों के कारण बढ़ रही दुर्घटनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने अब सख्त कदम उठाने का निर्णय लिया है।
प्रशासन द्वारा जल्द ही विशेष अभियान चलाकर नेशनल हाइवे, मुख्य मार्गों और शहर के भीतर घूमने वाले आवारा मवेशियों को पकड़ा जाएगा। विभागों की संयुक्त टीम अलग-अलग क्षेत्रों में भ्रमण कर मवेशियों की पहचान कर उन्हें सड़कों से हटाएगी। पकड़े गए मवेशियों को गौशाला और पशु आश्रय स्थलों में भेजा जाएगा, जहां उनके चारा-पानी और देखभाल की पूरी व्यवस्था की जाएगी।
सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए नेशनल हाइवे और संवेदनशील जगहों पर चेतावनी बोर्ड भी लगाए जा रहे हैं। साथ ही ट्रैफिक पुलिस की गश्त और निगरानी बढ़ाई जाएगी, ताकि दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके। सड़कों पर घूम रहे मवेशी सड़क सुरक्षा के लिए बड़ी चुनौती हैं। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समन्वय बनाकर इस अभियान को चलाया जाए और संवेदनशील मार्गों पर लगातार नजर रखी जाए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा सिर्फ प्रशासन की नहीं, बल्कि सभी की जिम्मेदारी है। पशुपालक अपने मवेशियों को खुले में न छोड़ें।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि सड़कों पर आवारा मवेशी दिखने पर इसकी सूचना तुरंत नगरीय निकाय या प्रशासन को दें, ताकि जिले में सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था बनाई जा सके।
Post a Comment