धमतरी। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत मगरलोड पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम भैंसमुंडी में गांजा बिक्री कर रही महिला आरोपी को पुलिस ने रंगे हाथों पकड़ा है। उसके पास से 740 ग्राम गांजा, बिक्री की नकद राशि और स्कूटी सहित 48 हजार से अधिक का मशरूका जब्त किया गया है।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में जिले भर में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 19 अक्टूबर को मगरलोड पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम भैंसमुंडी में नहर नाली के पास एक महिला अपने घर के सामने गांजा रखकर ग्राहकों को बेच रही है।
स्कूटी की डिक्की में छिपा रखा था गांजा
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। महिला आरक्षक की मौजूदगी में संदेही महिला सीमा बेगम की तलाशी ली गई और उसकी स्कूटी क्रमांक CG-05-M-3706 की जांच की गई। स्कूटी की डिक्की में सीट के नीचे रखे थैले से खाकी टेप में लिपटा गांजा और 45 नग छोटे-बड़े जिपलॉक पाउच बरामद हुए। तलाशी में गांजा बिक्री से मिले 1850 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
48 हजार का मशरूका जब्त, आरोपी जेल भेजी गई
जब्त मशरूके में 740 ग्राम गांजा कीमत 37 हजार रुपये, स्कूटी कीमत 10 हजार रुपये, नकद 1850 रुपये और पैकिंग सामग्री शामिल है। कुल 48,850 रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सीमा बेगम पति अकील खान उम्र 36 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 09 नहर नाली के पास ग्राम भैंसमुंडी थाना मगरलोड के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना मगरलोड में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने कहा है कि जिले में नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आम नागरिकों से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें ताकि नशामुक्त और सुरक्षित समाज का निर्माण हो सके।
Post a Comment