धमतरी/नगरी। प्रसिद्ध शीतला शक्ति पीठ में शारदीय नवरात्रि के अंतिम दिन महानवमी पर ज्योत-ज्वारा विसर्जन पूरे विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर माता के दर्शन और विसर्जन में शामिल होने बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। माता के जयकारों से पूरा सिहावा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
भव्य शोभायात्रा के साथ निकला विसर्जन
महानवमी की सुबह शीतला शक्ति पीठ से ज्योत-ज्वारा विसर्जन के लिए पारंपरिक शोभायात्रा निकाली गई। ढोल-नगाड़ों, माता के जयकारों और सेवा गीतों के बीच शोभायात्रा शीतला तालाब पहुंची, जहां सरोवर स्नान की प्राचीन परंपरा के साथ ज्योत-ज्वारा का विधिवत विसर्जन किया गया।
इस दौरान ऋषि पंचमी सेवा मंडली, गणेश घाट सिहावा द्वारा प्रस्तुत माता सेवा गीतों ने श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। सेवा गीतों की मधुर धुनों के बीच गढ़ के देवी-देवता अपने पारंपरिक श्रृंगार, डांग आदि धारण कर शोभायात्रा में शामिल हुए। देवी-देवताओं के पारंपरिक नृत्य और श्रद्धालुओं की सहभागिता ने यात्रा को बेहद आकर्षक और दिव्य बना दिया।
भंडारे में उमड़ी भीड़
विसर्जन के पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इसके बाद मंदिर परिसर में शीतला माता की विधिवत पूजा-अर्चना कर भोग अर्पित किया गया। मंदिर समिति द्वारा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और माता का आशीर्वाद लिया।
नवरात्रि के समापन पर शीतला शक्ति पीठ में आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला।
Post a Comment