भांसी पुलिस ने तीन हाइवा जप्त किए, खनिज विभाग ने ठोका 80 हजार से अधिक का जुर्माना
दंतेवाड़ा
अवैध खनिज परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत दंतेवाड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना भांसी पुलिस ने बिना पिटपास गिट्टी परिवहन करते हुए तीन हाइवा वाहनों को जप्त कर खनिज विभाग को प्रकरण भेजा था, जिस पर खनिज विभाग द्वारा कुल 80,284 रुपये का अर्थदंड लगाया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 12 जनवरी 2026 को थाना भांसी पुलिस द्वारा थाना के सामने मुख्य मार्ग पर एमसीपी (नाकेबंदी) लगाकर वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान हाइवा वाहन क्रमांक JH20 G6136, JH20 G1140 एवं CG18 N1867 को बिना वैध पिटपास के अवैध रूप से गिट्टी परिवहन करते हुए पकड़ा गया।
पूछताछ के दौरान दो वाहन एन.सी. नाहर कंस्ट्रक्शन कंपनी तथा एक वाहन उत्तम पाल, भांसी का होना बताया गया। आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने विधिवत कार्रवाई करते हुए तीनों वाहनों को जप्त कर प्रकरण खनिज विभाग को भेजा।
खनिज विभाग द्वारा दिनांक 23 जनवरी 2026 को उक्त वाहनों पर क्रमशः 33,298 रुपये, 33,298 रुपये एवं 13,688 रुपये, कुल 80,284 रुपये का अर्थदंड आरोपित किया गया। अर्थदंड की राशि जमा करने के पश्चात तीनों वाहनों को सुपुर्दनामे पर वाहन मालिकों को सौंप दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दंतेवाड़ा श्री गौरव राय के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.के. बर्मन एवं अनुविभागीय अधिकारी कपिल चंद्रा के मार्गदर्शन में तथा थाना प्रभारी भांसी निरीक्षक प्रहलाद कुमार साहू के नेतृत्व में की गई।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन व परिवहन पर आगे भी सख़्त कार्रवाई जारी रहेगी।
देखें वीडियो
Post a Comment