सुकमा -उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत सुकमा जिले में बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान मूल्यांकन परीक्षा का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह आयोजन कलेक्टर अमित कुमार एवं जिला पंचायत सीईओ मुकुन्द ठाकुर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिसमें जिलेभर से नवसाक्षरों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
जिले के तीनों विकासखंडों—सुकमा, कोंटा और छिंदगढ़—में कुल 520 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए थे। इनमें सुकमा में 167, कोंटा में 128 तथा छिंदगढ़ में 225 केंद्र शामिल रहे। विशेष पहल के तहत जिला जेल एवं पुनर्वास केंद्रों में भी परीक्षा आयोजित कर शिक्षा की अलख को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
महापरीक्षा के लिए कुल 15,264 शिक्षार्थियों ने पंजीयन कराया था, जिनमें से 13,608 नवसाक्षरों ने परीक्षा में सहभागिता निभाई। परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक रखा गया था, जिसमें प्रत्येक परीक्षार्थी को 3 घंटे का समय प्रदान किया गया।
परीक्षा की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी जी.आर. मंडावी, मिशन समन्वयक उमाशंकर तिवारी एवं नोडल अधिकारी अगस्टिन कुमार राम सहित प्रशासनिक टीम ने विभिन्न केंद्रों का सतत निरीक्षण एवं मॉनिटरिंग की।
Post a Comment