रायगढ - जिले में अवैध अफीम की खेती का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक बार फिर लैलूंगा क्षेत्र के घटगांव में अफीम की फसल मिलने से हड़कंप मच गया है। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इस पूरे मामले का खुलासा भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत ने सोशल मीडिया के माध्यम से किया। उनके द्वारा साझा की गई जानकारी के बाद क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है और प्रशासनिक सक्रियता भी बढ़ गई है।
गौरतलब है कि महज तीन दिन पहले ही तमनार थाना क्षेत्र के आमघाट में भी अवैध अफीम की खेती पकड़ी गई थी। हैरानी की बात यह है कि इन घटनाओं की भनक तक जिला प्रशासन को पहले से नहीं लग सकी, जिससे निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
वहीं लगातार मिल रहे मामलों से यह साफ हो रहा है कि जिले में कहीं न कहीं अवैध खेती का नेटवर्क सक्रिय है, जिस पर समय रहते कार्रवाई नहीं हो पा रही है। अब तक प्रदेश के तीन अलग-अलग जिलों में अफीम की अवैध खेती का खुलासा हो चुका है, जिससे यह मुद्दा और भी गंभीर हो गया है।
फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले की जांच और कार्रवाई की बात कही जा रही है, लेकिन लगातार सामने आ रहे ऐसे प्रकरणों ने कानून व्यवस्था और निगरानी तंत्र की कार्यशैली को कटघरे में खड़ा कर दिया है।
Post a Comment