खबर बाज न्यूज़

नगरी में दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर योजना के तहत एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन

धमतरी/नगरी - जनपद पंचायत नगरी के सभाहाल में आज दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर योजना के तहत एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विष्णु देव साय द्वारा बलौदाबाजार से प्रदेशभर के भूमिहीन कृषि मजदूरों के खातों में ₹10,000 की राशि अंतरण का सीधा प्रसारण देखा गया।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत नगरी क्षेत्र के भूमिहीन मजदूरों को जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, जनपद पंचायत अध्यक्ष महेश गोटा, उपाध्यक्ष ह्रदय साहू, पूर्व विधायक श्रवण मरकाम, नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। साथ ही एसडीएम प्रीति दुर्गम, जनपद सीईओ रोहित बोरझा और नगरी तहसीलदार सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में हितग्राही मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि यह योजना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि भूमिहीन मजदूरों के सम्मान और सशक्तिकरण का माध्यम है। उन्होंने कहा कि सरकार अपने वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है और यह पहल “विष्णु का सुशासन” एवं “मोदी की गारंटी” का प्रत्यक्ष उदाहरण है। इस संदर्भ में उन्होंने नरेंद्र मोदी की नीतियों का भी उल्लेख किया।

कार्यक्रम के दौरान हितग्राहियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। लाभान्वित मजदूरों ने शासन की इस पहल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहायता उनके जीवन स्तर में सुधार लाने में सहायक सिद्ध होगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post