खबर बाज न्यूज़

ग्राम सांकरा के महादेवपारा में सामुदायिक भवन की मांग तेज, ग्रामीणों ने विधायक को सौंपा आवेदन

धमतरी/नगरी-सिहावा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सांकरा स्थित महादेवपारा के ग्रामीणों ने अपने मोहल्ले में सामुदायिक भवन निर्माण की मांग को लेकर क्षेत्रीय विधायक अंबिका मरकाम को आवेदन सौंपा है। यह आवेदन ‘आदर्श बाल मंडली’ के तत्वावधान में सामूहिक रूप से प्रस्तुत किया गया।

ग्रामीणों ने बताया कि महादेवपारा में लगभग 150 परिवार निवास करते हैं, जिसकी कुल जनसंख्या करीब 1000 है। इसके बावजूद मोहल्ले में किसी प्रकार का सार्वजनिक या सामुदायिक भवन उपलब्ध नहीं है। इसके कारण बैठक, धार्मिक कार्यक्रम, सांस्कृतिक आयोजन एवं अन्य सामाजिक गतिविधियों के संचालन में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
आवेदन में ग्रामीणों ने जनहित को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द सामुदायिक भवन निर्माण की स्वीकृति देने की मांग की है। इस दौरान आदर्श बाल मंडली के सदस्यों सहित मोहल्ले के दर्जनों ग्रामीणों ने हस्ताक्षर कर अपनी सहमति और आवश्यकता जताई है।

इस संबंध में विधायक अंबिका मरकाम ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी मांग जायज है और बजट प्राप्त होते ही प्राथमिकता के आधार पर सामुदायिक भवन निर्माण की स्वीकृति प्रदान की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post