खबर बाज न्यूज़

बस-ऑटो किराया वृद्धि से विद्यार्थी परेशान, कॉलेज छात्रों ने किराये में छूट की मांग की



धमतरी। जिले में बस और ऑटो किराये में हुई बढ़ोतरी का सीधा असर कॉलेज में पढ़ने वाले विद्यार्थियों पर पड़ रहा है। बढ़े हुए किराये के कारण आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए रोजाना कॉलेज आना-जाना मुश्किल हो गया है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

विद्यार्थियों का कहना है कि अधिकांश छात्र दूर-दराज के गांवों से शहर के कॉलेजों में पढ़ने आते हैं। प्रतिदिन 50 से 100 रुपये तक किराया खर्च होने से महीने में हजारों रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। कई छात्र ऐसे हैं जो आर्थिक तंगी के कारण नियमित कक्षाएं नहीं ले पा रहे हैं।

भावेश चंदनिया उपाध्यक्ष NSUI 

आईडी कार्ड पर मिले छूट
छात्रों ने मांग की है कि कॉलेज आईडी कार्ड और एडमिट कार्ड दिखाने वाले विद्यार्थियों को बस और ऑटो किराये में विशेष छूट दी जाए। इससे गरीब और मध्यम वर्ग के विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिलेगी और वे बिना आर्थिक चिंता के अपनी शिक्षा जारी रख सकेंगे।

छात्रों का कहना है कि कई राज्यों में विद्यार्थियों के लिए रियायती पास की व्यवस्था है, उसी तर्ज पर छत्तीसगढ़ में भी व्यवस्था लागू की जानी चाहिए।

उच्च शिक्षा मंत्री से लगाई गुहार
विद्यार्थियों ने प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंकराम वर्मा से आग्रह किया है कि वे इस समस्या को गंभीरता से लें और परिवहन विभाग के साथ समन्वय कर विद्यार्थियों के लिए किराये में छूट या मासिक पास की सुविधा शुरू करें। छात्रों ने उम्मीद जताई है कि सरकार जल्द ही इस दिशा में ठोस पहल करेगी ताकि किसी भी छात्र की पढ़ाई पैसे के अभाव में न रुके।

Post a Comment

Previous Post Next Post