थाने में गूंजे वैदिक मंत्र, जवानों ने दोहराया कर्तव्य निभाने का संकल्प
धमतरी/नगरी
विजयादशमी का पर्व सिहावा पुलिस थाना में पूरी श्रद्धा और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर थाना परिसर में विधि-विधान से शस्त्र पूजन का आयोजन किया गया। थाना प्रभारी चक्रधर बाघ के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने शस्त्रागार में रखे सभी अग्नेयास्त्रों एवं शस्त्रों की पूजा-अर्चना की।
पंडित द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन संपन्न कराया गया। फूल, अक्षत और धूप-दीप से शस्त्रों का श्रृंगार कर उनकी पूजा की गई। मान्यता है कि विजयादशमी के दिन शस्त्र पूजन करने से शक्ति और विजय की प्राप्ति होती है।
थाना प्रभारी चक्रधर बाघ ने कहा कि शस्त्र पूजन हमारी प्राचीन परंपरा है। पुलिस के लिए शस्त्र सिर्फ एक हथियार नहीं है, बल्कि यह आम जनता की सुरक्षा, कानून व्यवस्था बनाए रखने और न्याय की रक्षा का प्रतीक है। सिहावा पुलिस हर साल इस परंपरा को पूरी निष्ठा के साथ निभाती है।
उन्होंने कहा कि यह पूजन हमें अपने कर्तव्य की याद दिलाता है। शस्त्र तभी सार्थक हैं जब उनका उपयोग जनसेवा और समाज की रक्षा के लिए हो।
कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों और जवानों ने जनसेवा, ईमानदारी से कर्तव्यपालन और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर हरीश कावड़े, राजेंद्र नेताम, शेखर सिन्हा सहित थाना के समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
Post a Comment