2 एकड़ कटी फसल पानी में डूबी, 4 एकड़ की खड़ी फसल खेतों में गिरी; जनपद सदस्य ने सर्वे कराकर मुआवजा देने की मांग की
धमतरी(नगरी)। विगत दिनों हुई लगातार बारिश और तेज हवाओं ने धमतरी जिले के नगरी क्षेत्र में किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। ग्राम पंचायत ठेंनही सहित आसपास के गांवों में धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। खेतों में पानी भरने और तेज हवाओं के कारण खड़ी फसल गिर गई है, वहीं कटाई के बाद खेतों में रखी धान की फसल भी पानी में डूब गई है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान की आशंका सता रही है।
ग्राम ठेंनही के किसान मोतीलाल कश्यप, पिता अर्जुन कश्यप ने बताया कि उनकी 2 एकड़ में काटी गई धान की फसल पानी में डूब गई है। वहीं, 4 एकड़ में लगी खड़ी धान की फसल तेज हवाओं के कारण खेतों में गिर गई है। किसान के अनुसार, क्षेत्र के अन्य किसानों की फसलों को भी बारिश और हवा से भारी नुकसान पहुंचा है।
राजस्व टीम भेजकर फसल क्षति का सर्वे कराने की मांग
मामले को लेकर जनपद सदस्य नगरी, क्षेत्र क्रमांक 25, अधि सिरधन सोम ने शासन-प्रशासन से प्रभावित किसानों को राहत देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि भारी बारिश से ग्राम ठेंनही ही नहीं, बल्कि नगरी क्षेत्र के कई गांवों में किसानों की फसल प्रभावित हुई है। किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया है और उनके सामने आर्थिक संकट की स्थिति बन रही है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि तत्काल राजस्व विभाग की टीम प्रभावित गांवों में भेजकर फसल क्षति का सर्वे कराया जाए तथा नुकसान के आधार पर सभी पात्र प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा प्रदान किया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक राहत मिल सके।
धान खरीदी में किसानों को परेशान न करने की मांग
जनपद सदस्य ने धान खरीदी के दौरान सोसायटियों में फसल की गुणवत्ता और रंग को लेकर किसानों को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं करने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा से पहले ही किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। ऐसे में धान खरीदी के समय गुणवत्ता और रंग के नाम पर किसानों को अतिरिक्त परेशानी का सामना न करना पड़े।
अब प्रभावित किसानों को प्रशासन की ओर से फसल क्षति सर्वे और मुआवजा संबंधी कार्रवाई का इंतजार है। किसानों को उम्मीद है कि शासन-प्रशासन जल्द पहल कर उन्हें राहत प्रदान करेगा।
Post a Comment