खबर बाज न्यूज़

फरसगांव में फटाका दुकानों पर एसडीएम की कारवाई, सुरक्षा खामियां मिलने पर दुकानदारों पर जुर्माना

फायर सेफ्टी, लाइसेंस और डस्टबिन की कमी उजागर; पार्किंग व्यवस्था को लेकर नगर पंचायत पर भी उठे सवाल


 कोंडागांव! फरसगांव दीपावली पर्व को देखते हुए फरसगांव नगर के स्टेडियम ग्राउंड में लगाई गई फटाका दुकानों का शुक्रवार को एसडीएम दिलीप उइके ने राजस्व, नगर पंचायत एवं पुलिस की संयुक्त टीम के साथ निरीक्षण किया। इस दौरान कई दुकानों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आई। फायर सेफ्टी उपकरण, लाइसेंस और साफ-सफाई की व्यवस्था में कमी पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की गई।

निरीक्षण के दौरान तातेड़ फटाका दुकान में फायर सेफ्टी किट की कमी, गुणवंत फटाका दुकान में मौके पर लाइसेंस उपलब्ध नहीं होना पाया गया। वहीं आकाश साहू एवं रमेश जायसवाल की दुकानों में लाइसेंस और फायर सेफ्टी उपकरणों की कमी मिली। की दुकान में फायर सेफ्टी उपकरण, जबकि माखन साहू एवं जागेश की दुकानों में फायर सेफ्टी के साथ डस्टबिन की व्यवस्था भी नहीं मिली। इसके अलावा प्रभात की दुकान के सामने नो पार्किंग से संबंधित कार्रवाई की गई।

एसडीएम ने सभी दुकानदारों को निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने और दुकानों में आवश्यक अग्निशमन उपकरण रखने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि दोबारा लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 पार्किंग व्यवस्था को लेकर नगर पंचायत पर सवाल

हर वर्ष की तरह इस बार भी नगर पंचायत द्वारा स्टेडियम ग्राउंड में फटाका दुकानें लगाने के लिए जगह आवंटित की गई है, लेकिन पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्टेडियम के आधे हिस्से में दुकानें लगाई गई हैं, जबकि पीछे का हिस्सा खाली पड़ा हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि दुकानों को पीछे की ओर व्यवस्थित किया जाता तो सामने पार्किंग के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध कराई जा सकती थी।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने नगर पंचायत एवं पुलिस विभाग को स्टेडियम के मुख्य प्रवेश मार्ग पर लकड़ी का बैरियर लगाकर आवागमन नियंत्रित करने के निर्देश दिए। साथ ही फटाका दुकानों के आसपास बाइक पार्किंग करने वालों और संबंधित दुकानदारों के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई करने को कहा।

 आग से बचाव के इंतजाम पर भी उठे सवाल

फटाका दुकानों के परिसर में आग से बचाव की व्यवस्था भी सवालों के घेरे में है। परिसर में दो स्थानों पर रेत की व्यवस्था की गई है, लेकिन पानी के टैंकर दुकानों के सामने रखने के बजाय पीछे की ओर रखे गए हैं। ऐसे में किसी आपात स्थिति में तत्काल पानी उपलब्ध कराने में परेशानी हो सकती है। वहीं पार्किंग की उचित व्यवस्था नहीं होने से परिसर में अव्यवस्था की स्थिति बनी हुई है।

अब देखना होगा कि एसडीएम के निर्देशों के बाद नगर पंचायत और दुकानदार सुरक्षा एवं पार्किंग व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कितनी गंभीरता दिखाते हैं।

निरीक्षण के दौरान फरसगांव थाना प्रभारी आलोक साहू, आरआई गुमान दीवान सहित नगर पंचायत के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post