रिपोर्टर शिवलाल मरकाम
फरसगांव / कोंडागांव
फरसगांव पुलिस ने एक ऐसे हाईटेक साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो देशभर में लोगों को बीमा राशि और फाइनेंस ऑफर का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी कर रहा था। पुलिस ने इस बड़े ऑपरेशन में 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर साइबर अपराध की दुनिया में हड़कंप मचा दिया है।
बताया जा रहा है कि यह गिरोह दिल्ली और उत्तरप्रदेश से संचालित हो रहा था। आरोपी बेहद शातिर तरीके से लोगों का डाटा जुटाते थे और फिर खुद को बीमा कंपनी का अधिकारी बताकर संपर्क करते थे। “पुरानी पॉलिसी का पैसा वापस मिलेगा”, “बोनस मिलेगा”, “फंसी हुई राशि रिलीज होगी” जैसे झूठे वादों से लोगों को फंसाया जाता था।
29 लाख से ज्यादा की ठगी
गिरोह ने कोण्डागांव जिले के एक व्यक्ति को निशाना बनाकर करीब 29 लाख 69 हजार रुपये की ठगी कर ली। आरोपी प्रोसेसिंग फीस, टैक्स और सिक्योरिटी चार्ज के नाम पर बार-बार पैसे जमा करवाते रहे।
ऐसे पकड़ में आए साइबर अपराधी
शिकायत मिलते ही फरसगांव पुलिस और साइबर सेल ने डिजिटल जांच शुरू की। मोबाइल नंबर, बैंक खातों और इंटरनेट लोकेशन की बारीकी से जांच की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम दिल्ली और उत्तरप्रदेश पहुंची और लगातार दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरोह का तरीका बेहद खतरनाक
फर्जी सिम और नकली दस्तावेजों का इस्तेमाल
अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर
मोबाइल कॉल और ऑनलाइन चैट से ठगी
पहचान छिपाने के लिए लगातार नंबर बदलना
देश के कई राज्यों में फैला नेटवर्क
पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक, फर्जी दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं।
फरसगांव पुलिस की बड़ी कामयाबी
इस पूरी कार्रवाई में फरसगांव पुलिस, साइबर सेल और विशेष टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराधियों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
सावधान रहें – सतर्क रहें
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या बीमा संबंधी ऑफर पर भरोसा न करें। OTP, बैंक डिटेल और निजी जानकारी किसी को न दें। साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन और नजदीकी थाना में शिकायत करें।
फरसगांव पुलिस की इस कार्रवाई ने साइबर ठगों के पूरे नेटवर्क की नींद उड़ा दी है।
Post a Comment