राजनांदगांव - ईसाफ फाऊंडेशन (आरोग्यसखी प्रोजेक्ट छत्तीसगढ़) द्वारा आयोजित “नई उड़ान ग्रीष्म शिविर” के अंतर्गत सर्व समाज मांगलिक भवन, चिखली में बच्चों को पौष्टिक डाइट के साथ-साथ साइबर जागरूकता एवं महिलाओं/बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराध के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक पर्यवेक्षण में साइबर थाना राजनांदगांव से एएसआई द्वारा उपस्थित 50 से अधिक बच्चों एवं स्टाफ को साइबर अपराध एवं ऑनलाइन सुरक्षा के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में बच्चों को बताया गया कि सोशल मीडिया का उपयोग सावधानीपूर्वक करें, किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी, पासवर्ड एवं बैंक संबंधी जानकारी किसी से साझा न करें तथा ऑनलाइन गेमिंग एवं फर्जी लॉटरी/इनाम के झांसे से बचें। साथ ही साइबर फ्रॉड होने की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने एवं cybercrime.gov.in पोर्टल पर रिपोर्ट दर्ज कराने की जानकारी दी गई।
इसके अतिरिक्त रक्षा टीम द्वारा उपस्थित बच्चों को गुड टच – बैड टच, घरेलू हिंसा, व्यक्तिगत सुरक्षा एवं महिला/बाल संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी देकर अभिव्यक्ति एप के बारे में बात कर उनके मोबाइल फोन में इंस्टॉल भी कराया गया और वहां उपस्थित बच्चों एवं संस्था के स्टाफ को जागरूक किया गया।
Post a Comment