खबर बाज न्यूज़

एंबुलेंस में गूंजी नवजात की किलकारी



नगरी - गर्भवती महिला को बेहतर उपचार हेतु सिविल अस्पताल नगरी से जिला अस्पताल धमतरी रेफर किया गया था। धमतरी ले जाते समय अचानक प्रसव पीड़ा बढ़ने पर 108 संजीवनी एक्सप्रेस के कर्मचारियों ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव कराया। प्रसव के बाद जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार ग्राम महुआबहारा, ब्लॉक नगरी निवासी 29 वर्षीय खिलेश्वरी नेताम को प्रसव पीड़ा होने पर सिविल अस्पताल नगरी में भर्ती कराया गया था। स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने महिला को जिला अस्पताल धमतरी रेफर किया।
धमतरी ले जाते समय रास्ते में महिला की प्रसव पीड़ा अचानक तेज हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए 108 एंबुलेंस के स्टाफ तोयेंदृ वर्मा एवं कुलदीप सिंह ने ईआरसीपी डॉक्टर की सहायता और मार्गदर्शन में एंबुलेंस को सुरक्षित स्थान पर रोककर महिला का सुरक्षित प्रसव कराया।
कुछ ही देर में महिला ने स्वस्थ शिशु को जन्म दिया। प्राथमिक देखभाल के बाद जच्चा एवं बच्चा को वापस सिविल अस्पताल नगरी में भर्ती कराया गया, जहां दोनों की हालत सामान्य और स्वस्थ बताई जा रही है।

इसी क्रम में 108 जिला प्रबंधक दीपक साहू ने बताया कि वर्तमान में जिले में 108 संजीवनी एक्सप्रेस की 10 एंबुलेंस संचालित हैं, जिनमें सभी कर्मचारी प्रशिक्षित हैं। उन्होंने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति में 108 डायल कर निःशुल्क एंबुलेंस सेवा का लाभ प्राप्त किया जा सकता है।
इस मानवीय कार्य के लिए परिजनों एवं स्थानीय लोगों ने 108 संजीवनी एक्सप्रेस टीम की सराहना की।

Post a Comment

Previous Post Next Post