खबरबाज न्यूज
जांजगीर-चांपा। लोन दिलाने के नाम पर 10 लाख से अधिक की ठगी करने वाले आरोपी को चांपा पुलिस ने मध्यप्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है।
आखिर पूरा मामला क्या था
शिवनगर, चांपा निवासी आशुतोष अग्रवाल ने 16 जून 2025 को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 में अखबार के माध्यम से पहचान हुए कुलदीप वशिष्ठ ने खुद को बैंकिंग से जुड़ा बताकर यूको बैंक से 1 करोड़ का लोन स्वीकृत कराने का भरोसा दिया।
आरोपी ने लोन के लिए पहले 5 लाख फिक्स डिपॉजिट और 5-6 लाख अन्य खर्च मांगे। भरोसा दिलाने को फर्जी लोन स्वीकृति पत्र, मोनो और फर्जी हस्ताक्षर भी दिए। झांसे में आकर प्रार्थी ने आरोपी को 1 लाख नकद, 25 हजार फोन-पे, 7 लाख RTGS और 2,54,285 रुपये ऑनलाइन अलग-अलग किश्तों में दिए। कुल ठगी 10,87,285 रुपये की गई।
शिकायत पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 259/25, धारा 420 भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया। साइबर और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी का पता इंदौर में चला। पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर कुलदीप वशिष्ठ पिता स्व. दिनेश वशिष्ठ, 41 वर्ष, निवासी प्लॉट नं. 602 चिलफी हाईट्स, भवनगर, साई बाबा मंदिर के पास, इंदौर को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार किया। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर चांपा लाकर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, प्रधान आरक्षक सुनील सिंह, विवेक सिंह, आरक्षक गौरीशंकर राय, माखन साहू सहित चांपा थाना स्टाफ की भूमिका रही।
Post a Comment