नगरी। लगातार हो रही बारिश के बीच बुधवार शाम नगरी ब्लॉक में आकाशीय बिजली ने कहर बरपाया। फरसियां-बोड़र्रा मुख्य मार्ग पर शाम करीब 6.30 से 7 बजे के बीच गाज गिरने से चार लोग चपेट में आ गए।
हादसे में गिरजा शंकर ध्रुव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जितेंद्र सिन्हा, पोषण ध्रुव और भूपेश ध्रुव गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि घटना के समय तेज बारिश के साथ गरज-चमक हो रही थी, तभी सड़क पर मौजूद लोगों के पास बिजली आ गिरी।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल शासकीय सिविल अस्पताल नगरी लाया गया। यहां चिकित्सकों ने गिरजा शंकर को मृत घोषित कर दिया। तीनों घायलों का उपचार जारी है, उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
लगातार बारिश के बीच हुई इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
Post a Comment