धमतरी। धमतरी पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन के नाम पर करीब 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने मृतक के नाम दर्ज करीब 4.5 एकड़ कृषि भूमि को अपना बताकर बेचने की कोशिश की और इसके लिए फर्जी ऋण पुस्तिका, आधार कार्ड तथा बैंक संबंधी दस्तावेज तैयार किए थे।
जमीन बेचने के नाम पर लिए 40 लाख रुपये
पुलिस के मुताबिक गोबरा नवापारा निवासी सचिन बगानी ने थाना मगरलोड में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी ठाकुर राम साहू ने ग्राम सांगा में मृतक विष्णु प्रसाद साहू के नाम दर्ज करीब 4.5 एकड़ कृषि भूमि को अपना बताते हुए उसके फर्जी दस्तावेज तैयार किए। इसके बाद जमीन बेचने के नाम पर प्रार्थी से अलग-अलग माध्यमों से नगद और चेक के जरिए करीब 40 लाख रुपये प्राप्त किए गए।
शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर दस्तावेजों और बैंक खातों की जांच शुरू की।
फर्जी ऋण पुस्तिका और आधार कार्ड तैयार किए
विवेचना के दौरान पुलिस ने मृतक विष्णु प्रसाद साहू के नाम से डीसीबी बैंक शाखा करी नयापारा में तैयार ग्राहक आवेदन फार्म, संलग्न दस्तावेज और बैंक स्टेटमेंट की जांच की। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से मृतक के नाम पर फर्जी ऋण पुस्तिका, आधार कार्ड और बैंक संबंधी दस्तावेज तैयार किए थे।
पुलिस के अनुसार आरोपी ठाकुर राम साहू ने अपने सहयोगी जितेन्द्र साहू के साथ मिलकर आपराधिक षडयंत्र के तहत कूटरचित दस्तावेज तैयार किए और उनका इस्तेमाल कर कृषि भूमि पर अपना अधिकार दर्शाने का प्रयास किया।
आरोपियों की निशानदेही पर सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के मेमोरण्डम के आधार पर गवाहों की मौजूदगी में फर्जी ऋण पुस्तिका, फर्जी आधार कार्ड, एक एटीएम कार्ड, तीन चेक, दो रबर सील, लिखावट संबंधी डायरी और 5,200 रुपये नगद बरामद किए हैं। आरोपी ठाकुर राम साहू के लिखावट और हस्ताक्षर के नमूने भी लिए गए हैं, जिन्हें आवश्यक परीक्षण और मिलान के लिए क्यूडी शाखा भेजा जाएगा।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
ठाकुर राम साहू (37 वर्ष), पिता स्व. रामदीन साहू, निवासी ग्राम सांगा, थाना मगरलोड, जिला धमतरी।जितेन्द्र साहू (38 वर्ष), पिता श्रीराम साहू, निवासी ग्राम पोखरा, थाना राजिम, जिला गरियाबंद।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना अभी जारी है। फर्जी दस्तावेज तैयार करने, कूटरचना में सहयोग करने और पूरे षडयंत्र में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
Post a Comment