खबरबाज न्यूज
पामगढ़। शराब के नशे में बेकाबू एक चालक ने शनिवार रात पामगढ़ की सड़कों पर जमकर उत्पात मचाया। नशे में धुत स्वराज माजदा चालक ने PWD बैरियर तोड़कर उसे वाहन में फंसाए करीब 2 किलोमीटर तक तेज रफ्तार से दौड़ाया और रास्ते में पशुओं, खड़ी गाड़ियों और राहगीरों को टक्कर मार दी।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक मनोज कुमार पटेल, 50, निवासी अंबेडकर चौक, रामनगर सुपेला, थाना वैशाली नगर, जिला दुर्ग को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस तरह मचाया उत्पात
पुलिस के अनुसार 9 अगस्त 2026 की रात करीब 9:30 बजे आरोपी वाहन क्रमांक CG 07 BN 3365 स्वराज माजदा को शराब पीकर ग्राम ससहा की ओर से चला रहा था। ग्राम केशला मोड़ के पास उसने PWD द्वारा लगाए गए बैरियर को टक्कर मारकर तोड़ दिया। इसके बाद भी वाहन नहीं रोका। बैरियर वाहन में फंसा हुआ था और इसी हालत में आरोपी करीब 2 किलोमीटर तक वाहन दौड़ाता रहा।
इस दौरान उसने सड़क पर बैठी गायों व अन्य पशुओं, अंबेडकर चौक पर खड़े वाहनों और पैदल चल रहे लोगों को टक्कर मार दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने इन धाराओं में किया केस दर्ज
मामले की सूचना पर पामगढ़ पुलिस ने अपराध क्रमांक 326/2026 दर्ज किया। प्रारंभ में धारा 281, 125(ए) BNS लगाई गई। विवेचना में धारा 324(4) BNS, छत्तीसगढ़ लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम की धारा 3 और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 भी जोड़ी गई।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक सावन सारथी के नेतृत्व में टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जुर्म कबूलने के बाद उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया।
इनकी रही भूमिका
कार्रवाई में ASI प्रमोद महार, प्रधान आरक्षक राजेश कोसले, मंजू सिंह, आरक्षक वेदराम पटेल और विनोद मनहर शामिल रहे।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं। लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment