धमतरी। जिले में ई-चालान बकाया रखने वाले वाहन चालकों पर अब पुलिस सख्त होने जा रही है। एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में यातायात पुलिस ने अपील जारी की है कि सभी वाहन चालक अपने लंबित ई-चालानों की तुरंत जांच कर भुगतान करें।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि लंबे समय से चालान बकाया रखने पर वाहन पंजीयन, बीमा नवीनीकरण और PUC जैसी सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। साथ ही वाहन जब्ती और ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन जैसी वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।
वाहन चालक https://echallan.parivahan.gov.in पर जाकर अपने चालान की स्थिति देख सकते हैं और ऑनलाइन भुगतान कर सकते हैं। लंबे समय से लंबित मामलों के लिए राष्ट्रीय लोक अदालत में छूट का लाभ भी ले सकते हैं।
पुलिस ने कहा है कि भुगतान के लिए केवल अधिकृत वेबसाइट का ही उपयोग करें, किसी अनजान लिंक या फर्जी कॉल के झांसे में न आएं। यातायात नियमों का पालन सुरक्षा के लिए जरूरी है।
Post a Comment